प्रोटेस्ट में राकेश टिकैत की एंट्री से गरमाई सियासत, दिल्ली में 4 घंटे ट्रैफिक पर ब्रेक
दिल्ली में 'People Against SIR' मार्च के चलते हड़कंप है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में गुरुद्वारा बंगला साहिब से चुनाव आयोग तक मार्च प्रस्तावित है, जिसमें राकेश टिकैत भी शामिल होने पहुंचे हैं। टिकैत के आते ही पुलिस अलर्ट हो गई है। नई दिल्ली इलाके - अशोक रोड, जनपथ और कनॉट प्लेस में दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने कहा, परमिशन नहीं दी गई है, भीड़ को देखते हुए ये कदम उठाया गया है।

नई दिल्ली: राजधानी में आज एक बार फिर बड़े प्रोटेस्ट की सुगबुगाहट है। SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे 'People Against SIR' आंदोलन में किसान नेता राकेश टिकैत की एंट्री हो गई है। टिकैत के दिल्ली पहुंचने के बाद पुलिस अलर्ट पर आ गई है और सुरक्षा के मद्देनजर नई दिल्ली इलाके में 4 घंटे के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदी लगाई गई है। जानकारी के मुताबिक, ये मार्च आज गुरुद्वारा बंगला साहिब से चुनाव आयोग मुख्यालय तक प्रस्तावित है। इसका नाम 'People's March to Reclaim Democracy' दिया गया है।
आयोजक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और AISA नेता नेहा बोरा हैं। इस मंच पर राकेश टिकैत, अभिनेता प्रकाश राज, अधिवक्ता प्रशांत भूषण और अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर जैसे चेहरे भी शामिल हो रहे हैं। इसी मार्च में शामिल होने के लिए राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। टिकैत के आते ही गाजीपुर और सिंघु बॉर्डर पर किसानों की हलचल बढ़ गई है। पिछली बार की तरह ही पुलिस ने बॉर्डर पर बैरिकेडिंग बढ़ा दी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। नई दिल्ली जिले में, खासकर अशोक रोड, जनपथ, बाबा खड़क सिंह मार्ग, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस और चुनाव आयोग के आसपास के इलाके में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी या डायवर्जन किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि भीड़ को देखते हुए ये फैसला लिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान मेट्रो का इस्तेमाल करें और नई दिल्ली की तरफ जाने से बचें। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मार्च की परमिशन नहीं दी गई है। अगर प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करते हैं तो उन्हें वहीं रोक कर शांतिपूर्ण तरीके से 'जन संसद' करने दिया जाएगा। जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने CJP नेताओं को पहले ही समन भेजा था और अब सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
आयोजकों ने नारा दिया है - 'हर हाथ में तिरंगा, हर गली में जंतर-मंतर'। INDIA गठबंधन के कई नेताओं को भी इस मार्च में बुलाया गया है, हालांकि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के आने पर अभी सस्पेंस है। टिकैत की एंट्री से इस आंदोलन को नया बल मिला है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मार्च को चुनाव आयोग तक जाने देती है या फिर इसे बीच में ही रोक दिया जाता है।




