अनंत सिंह का नीरज कुमार को खुला चैलेंज, कहा- 'हम पुदीना सिंह हैं, गैस निकाल देंगे...'
बिहार MLC चुनाव में पटना ग्रेजुएट सीट हाई प्रोफाइल बन गई है। यहां JDU के नीरज कुमार बनाम JDU विधायक अनंत सिंह की प्रतिष्ठा की जंग है। अनंत अपनी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज के अनुज सिंह का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने नीरज पर तंज कसते हुए कहा - 'हम पुदीना सिंह हैं, 23 को सारा गैस निकाल देंगे'। वहीं नीरज के ICU में भर्ती होने को अनंत ने 'नौटंकी' बताया।

बिहार में 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में 8 सीटों पर वोटिंग होनी है, लेकिन सबसे ज्यादा हॉट सीट बनी हुई है पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र। यहां लड़ाई दो बाहरी दलों में नहीं, बल्कि जेडीयू के अंदर ही छिड़ी है। एक तरफ हैं जेडीयू के फायरब्रांड प्रवक्ता और MLC प्रत्याशी नीरज कुमार, दूसरी तरफ हैं मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह। और इस जंग में अब बयान 'नौटंकी', 'टोटका' और 'पुदीना सिंह' तक पहुंच गया है। दरअसल नीरज कुमार और अनंत सिंह की अदावत नई नहीं है। अनंत सिंह का आरोप है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने मोकामा जाकर उनके खिलाफ प्रचार किया था। उसी का बदला लेने के लिए अनंत सिंह ने इस बार ठान लिया है कि नीरज को हराना है।
इसी वजह से जेडीयू विधायक होते हुए भी अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोले हुए हैं। वो जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं। नालंदा, हिलसा, रहुई तक रोड शो कर रहे हैं, जो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला है, इसे नीरज को सीधा चैलेंज माना जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान अनंत सिंह ने एक ऐसा बयान दिया जो पूरे बिहार में वायरल हो गया। उन्होंने कहा - "हम पुदीना सिंह हैं न... 23 तारीख को पुदीना निकाल देंगे। गैस कुल बाहर कर देंगे। उनका सारा गैस निकाल देंगे।" उनका इशारा था कि नीरज कुमार के अंदर जो घमंड की गैस भरी है, वो 23 तारीख को वोटिंग के दिन निकल जाएगी।
इस बयानबाजी के बीच वोटिंग से 3 दिन पहले नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सिवान में पूजा के दौरान उन्हें कार्डियक अटैक आया और उन्हें आनन-फानन पटना के मेदांता अस्पताल के ICU में भर्ती कराना पड़ा। इसी पर अनंत सिंह ने तंज कस दिया कि ये 'नौटंकी' और 'टोटका' है, चुनाव से बचने का बहाना है। इस पर नीरज कुमार ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पलटवार किया। उन्होंने कहा, "कोई ऐसे ही ICU में भर्ती नहीं हो जाता। मेदांता के डायरेक्टर डॉक्टर प्रमोद कुमार ने मेरा इलाज किया है। बोलने के लिए कोई कुछ भी बोले। मां भगवती न्याय करेंगी।" नीरज ने अनंत पर भी तंज कसा था - "जब तक बेऊर जेल में चना रहेगा, आना-जाना लगा रहेगा।"
सबसे बड़ा सवाल ये है कि अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने के बावजूद जेडीयू आलाकमान अनंत सिंह पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा। दो बार समझाने की कोशिश हुई, लेकिन अनंत नहीं माने। उन्होंने साफ कहा कि वो नीतीश कुमार के साथ हैं, लेकिन नीरज के धोखे के खिलाफ हैं। अब 23 अक्टूबर को होने वाली वोटिंग तय करेगी कि पटना के ग्रेजुएट वोटर 'पुदीना सिंह' के गैस निकालने वाले दावे पर मुहर लगाते हैं या नीरज कुमार अपनी सीट बचाने में कामयाब होते हैं।
विषय




