सुशांत सिंह राजपूत को लेकर स्मिता जयकर का बड़ा बयान- रिया का मैसेज आया 'वो फिर लड़खड़ा रहा है...'
एक्ट्रेस स्मिता जयकर ने सुशांत सिंह राजपूत पर बड़ा खुलासा किया। सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, सुशांत सुसाइडल थे और हिंदुजा हॉस्पिटल में डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। स्मिता ने कहा, "रिया ने मुझे कॉल कर बुलाया था, मैंने हीलिंग दी। रात में रिया ने मैसेज किया - Smita, he is dwindling again।" उन्होंने ड्रग्स के दावों को बकवास बताया और कहा कि रिया सच में सुशांत की मदद करना चाहती थी।

सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 6 साल बीत गए हैं, लेकिन उनसे जुड़े किस्से आज भी सामने आ रहे हैं। अब दिग्गज एक्ट्रेस और स्पिरिचुअल हीलर स्मिता जयकर ने एक इंटरव्यू में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि सुशांत सुसाइडल थे और रिया चक्रवर्ती ने ही उन्हें मदद के लिए बुलाया था। सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में स्मिता जयकर ने बताया, "सुशांत सिंह राजपूत सुसाइडल थे। मैं उन्हें हीलिंग देने बांद्रा के हिंदुजा हॉस्पिटल गई थी, जहां उनका डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। रिया ने मुझे कॉल किया था।" स्मिता और रिया ने फिल्म 'सोनाली केबल' में साथ काम किया था, इसलिए रिया जानती थी कि स्मिता हीलिंग करती हैं।
स्मिता ने उस मुलाकात को याद करते हुए कहा कि सुशांत उनसे बहुत अच्छे से मिले, खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि उस वक्त सुशांत शायद दवाइयों पर थे। स्मिता ने उन्हें अपने आश्रम में आने और हीलिंग प्रोसेस में हिस्सा लेने का ऑफर दिया था, जिसके लिए सुशांत तैयार भी हो गए थे। लेकिन ये प्लान पूरा नहीं हो पाया। स्मिता ने कहा, "रात में रिया ने मुझे मैसेज किया, 'Smita, he is dwindling again' यानी वो फिर से अस्थिर हालत में है।" उसी रात के बाद सुशांत आश्रम नहीं आ पाए, जिसका उन्हें आज भी अफसोस है। स्मिता ने कहा, "काश वो आ जाता, काश ऐसा हो पाता। मैं चाहती थी वो आश्रम आए।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या सुशांत ड्रग्स लेते थे, तो स्मिता ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "ये सब बकवास है। लोग नई-नई थ्योरी बना रहे हैं। जब मैं मिली थी तो वो हॉस्पिटल में था, शायद अपनी दवाइयां ले रहा था।" स्मिता ने रिया चक्रवर्ती का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि रिया सच में सुशांत की मदद करना चाहती थी। सुशांत की मौत की खबर सुनकर उन्हें लगा कि काश सुशांत ने दोबारा उनसे संपर्क किया होता तो शायद वो मदद कर पातीं। बता दें, सुशांत सिंह राजपूत 14 जून 2020 को अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत मिले थे। उनकी मौत के बाद रिया पर कई गंभीर आरोप लगे थे, लेकिन स्मिता के इस बयान ने एक बार फिर उस दौर की सच्चाई पर नई रोशनी डाली है।




