झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनेगी : हिमंत बिस्वा सरमा
रांची
(झारखंड),। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भारी
बारिश और आंधी के कारण शनिवार को रांची के तमाड़ नहीं पहुंच सके। देश में
चौथे और झारखंड के पहले चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उन्हें केंद्रीय
मंत्री अर्जुन मुंडा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए बोकारो
से हेलीकॉप्टर से तमाड़ आना था लेकिन खराब मौसम ने बाधा खड़ी कर दी। इसके
बाद उन्होंने मोबाइल स्पीकर से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
तमाड़
के अमलेशा मैदान में सरमा ने कहा कि अर्जुन मुंडा खूंटी का तो बेटा है ही,
देश के आदिवासी समाज का सबसे बड़ा नेता है। अर्जुन मुंडा खूंटी के अलावा
असम सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर आदिवासी समाज का कल्याण करते हैं। देश के
आदिवासियों के कल्याण के लिए अर्जुन मुंडा को जीतना जरूरी है। उन्होंने
कहा कि आप देख रहे हैं कि झारखंड में क्या चल रहा है। कुछ दिन पहले मंत्री
के पीएस के नौकर के घर से ईडी को 35 करोड़ रुपये मिले। इससे आप समझ सकते
हैं कि मंत्री के घर में कितना कैश मिलेगा।
सरमा ने कहा कि अर्जुन
मुंडा जीत कर जाएंगे तो मंत्री बनेंगे। इसके बाद झारखंड में भी भाजपा की
सरकार बन जाएगी। उन्होंने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठी आदिवासी इलाकों में
घुसकर आदिवासी बहनों से शादी करते हैं और उसके बाद आदिवासियों की जमीन पर
कब्जा कर लेते हैं। झारखंड में जितना कन्वर्जन चल रहा है, उनके खिलाफ भी
हमें आवाज उठाने की जरूरत है।
सरमा ने कहा कि देश में भाजपा की
सरकार बनेगी। इसके आगे झारखंड में डबल इंजन सरकार बनेगी। हम लोग सब मिलकर
झारखंड के कल्याण के लिए, झारखंड की अस्मिता के लिए और झारखंड के विकास के
लिए काम करेंगे। उन्होंने जनसमूह से अनुरोध किया कि अर्जुन मुंडा की जीत तय
हो। देश और आदिवासी समाज को अर्जुन मुंडा की जरूरत है।
लोकसभा चुनाव समाज को तोड़ने वाली शक्ति के खिलाफ : सुदेश महतो
आजसू
पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि ये चुनाव हमारे लिए नकारात्मक सोच
वालों से लड़ाई का है। समाज को तोड़ने वाली शक्ति के खिलाफ है। ये चुनाव
राष्ट्रीय चुनाव है। देश कौन चलाएगा और देश को प्रगति पथ पर कौन ले जाएगा,
इसका चुनाव है। फूल छाप और एनडीए को वोट देने पर प्रधानमंत्री कौन बनेगा,
यह घर-घर के लोग जानते हैं। इंडी गठबंधन को वोट देने पर प्रधानमंत्री कौन
बनेगा, यह कोई नहीं जानता।
महतो ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की
राजनीति करती है। झामुमो और कांग्रेस झारखंड में आदिवासी और जनजातीय समाज
को बढ़ने नहीं देना चाहती। इंडी के जो प्रत्याशी हैं, वह 13 तारीख के बाद
कहीं नहीं दिखने वाले। इससे पहले भी उन्होंने चुनाव लड़ा.. उसके बाद भी वह
कहीं नहीं दिखे। इस बात की गारंटी है कि खूंटी सीट जीत कर अर्जुन मुंडा
जाएंगे, तो वहां पर मंत्री बनेंगे।
लुटेरों से झारखंड और देश को बचाना है : अर्जुन मुंडा
अर्जुन
मुंडा ने कहा कि झारखंड और देश में जो राजनीति चल रही है, जिस तरीके से
झारखंड को लूटा जा रहा है और मंत्री के पीएस के नौकर के घर से करोड़ों नकदी
मिल रहे हैं, तो मंत्री का क्या हाल है और बाकी मंत्रियों का क्या हाल है,
यह सहज समझा जा सकता है। इस हालत के लिए झारखंड बना था क्या? ये लुटेरों
की जमात है। इन लुटेरों से झारखंड और देश को भी बचाना है। राज्य में लूट का
धंधा चल रहा है। यह धंधा बंद होना चाहिए। इसके लिए तमाम लोगों को विकास के
साथ आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। हर घर में मुस्कान होनी चाहिए। मोदी
सरकार एफआरए नियम लागू करने का काम कर रही है।




