हरिद्वार। जनपद पुलिस की सतर्कता और मानवीय पहल के चलते कलियर क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को कलियर दरगाह क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को दो बच्चे संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को संरक्षण में लेकर थाने लाया और चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में बच्चों ने अपनी पहचान हसनेन (13 वर्ष) पुत्र सानू निवासी किदवई नगर, बनफूलपुरा हल्द्वानी, जनपद नैनीताल व आयान (13 वर्ष) पुत्र इरशाद निवासी प्रेमनगर लोनी गाजियाबाद, हाल पता किदवई नगर बनफूलपुरा हल्द्वानी के रूप में बताई। दोनों बच्चों ने बताया कि वे दो दिन पहले अपने घर हल्द्वानी से बिना बताए निकल गए थे और ट्रेन के माध्यम से रुड़की होते हुए कलियर पहुंच गए।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस की मदद से बच्चों के परिजनों से संपर्क स्थापित किया और उन्हें थाने बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर दोनों नाबालिगों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने भावुक होकर हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की इस मानवीय कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस ने दो नाबालिग बच्चे किए बरामद, परिजनों को सौंपे
Apr 11 2026 4:33PM
2 मिनट का रीड
250315
12





