नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने हत्या के एक मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू को बरामद किया गया।
दिल्ली पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि 15 मई को पुलिस स्टेशन आनंद पर्वत में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें जानकारी दी गई कि तीन लड़कों पर 10 से 15 अज्ञात लड़कों ने हमला किया। हमलावर तीनों लड़कों में से एक को अपने साथ ले गए।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि रामजस पार्क के जंगली इलाके में एक लड़के को चाकू मारा गया था। पार्क की चारदीवारी के पास एक व्यक्ति जमीन पर पड़ा मिला। उसके सीने के बाईं ओर और सिर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। मृतक की पहचान मोबाइल के सिमकार्ड से की गई। मौके पर कोई भी चश्मदीद गवाह नहीं मिला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया और जांच के लिए संबंधित साक्ष्य जब्त किए गए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक के दोस्त ने बताया कि वह पीड़ित के साथ उस इलाके में मौजूद था, जब पुरानी कहासुनी के चलते कुछ लोगों ने उस पर और उसके दोस्त पर हमला किया।
वे दोस्त को जंगल के अंदर ले गए और चाकू तथा ईंटों से हमला करके उसकी हत्या कर दी। इस बीच, गवाह और उसके दोस्त भाग निकलने में कामयाब रहे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विराट उर्फ गट्टू नाम के एक शख्स को पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू घटनास्थल के पास के जंगल वाले इलाके से बरामद कर लिया गया।





