सुल्तानपुर ग्राम पंचायत में समय से पहले पूरा हुआ एसआईआर कार्य

सुल्तानपुर ग्राम पंचायत में समय से पहले पूरा हुआ एसआईआर कार्य
घाटाल घाटाल महकमे के सुल्तानपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का परिचय दिया है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से एक सप्ताह पूर्व ही अधिकांश कार्य लगभग पूरा हो गया है, जिससे पंचायत क्षेत्र में संतोष और प्रशंसा का माहौल है।

सुल्तानपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत कुल 23 बूथ आते हैं। आयोग ने प्रत्येक बूथ पर एक-एक बीएलओ की नियुक्ति की थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन 23 बूथों में कुल 19,115 फॉर्म वितरित किए जाने थे। एसआईआर शुरू होने के मात्र 3–4 दिनों के भीतर सभी बीएलओ ने घर–घर जाकर सभी फॉर्म मतदाताओं तक पहूंचा दिए थे।

इन फॉर्मों के भरकर लौट आने के बाद बीएलओ द्वारा ऑनलाइन पोर्टल पर सूचनाओं को अपलोड करने का कार्य भी लगभग पूर्ण कर लिया गया है। ग्राम पंचायत सूत्रों के मुताबिक, 23 बीएलओ में से अधिकांश ने 99 प्रतिशत तक कार्य कर लिया है, जबकि पांच बीएलओ 90 प्रतिशत के करीब पहूंच चुके हैं। कुछ बीएलओ ने तो 100 प्रतिशत कार्य भी पूरा कर लिया है।

ग्राम पंचायत एवं सुपरवाइजरी अधिकारियों ने सभी बीएलओ की कार्यकुशलता और तत्परता की सराहना की है। बीएलओ का कहना है कि कार्य का दबाव अवश्य था, लेकिन ‘यदि इच्छा हो तो कठिन काम भी समय पर पूरे किए जा सकते हैं’, और कई बीएलओ ने इसका प्रमाण भी दिया है।

बीएलओ ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया में स्थानीय युवकों की सक्रिय भूमिका की भी प्रशंसा की। इसके साथ ही, विभिन्न राजनीतिक दलों के सहयोग से इस कार्य में और अधिक गति आई है।

एसआईआर का निर्धारित समय चार दिसंबर तक है, लेकिन संबंधित महकमे का विश्वास है कि सुल्तानपुर ग्राम पंचायत के सभी 23 बूथों का कार्य निर्धारित समय से पहले ही पूरी तरह पूरा हो जाएगा।

Subscribe Now