बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली विवाद में अपने ही पिता की जान ले ली। खेत की फसल खराब होने से उपजे गुस्से ने बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने पिता के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
आज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम रतासिल्ली में 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5:30 बजे यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार, लल्लू खलखो को उनके बेटे प्रदीप खलखो ने आपसी विवाद के दौरान धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर गए और उन्हें हाथ, पैर व सीने में चोटें आईं। कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना 7 अप्रैल को थाना कुसमी को मिली, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर 8 अप्रैल को एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या पाई गई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के बेटे प्रदीप खलखो को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने खेत में टमाटर की फसल लगाई थी, जिसकी देखरेख की जिम्मेदारी पिता को सौंपी थी। घटना के दिन पिता द्वारा शराब पीकर लापरवाही बरतने से फसल पशुओं द्वारा खराब कर दी गई थी।
आरोपित ने यह भी बताया कि इससे पहले भी चने की फसल इसी तरह नष्ट हो चुकी थी, जिससे वह पहले से नाराज था। इसी बात को लेकर गुस्से में आकर उसने पिता के साथ हाथ, लात और डंडे से मारपीट की। मारपीट के बाद जब पिता बेहोश हो गए, तो उन्हें घर के अंदर सुला दिया, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपित प्रदीप खलखो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
बलरामपुर में बेटा बना हत्यारा: फसल खराब होने के गुस्से में पिता को उतारा मौत के घाट
Apr 11 2026 6:32PM
2 मिनट का रीड
251382
10





