फतेहाबाद : मोनू हत्याकांड में संलिप्त महिला आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद : मोनू हत्याकांड में संलिप्त महिला आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद। शहर की बालाजी कॉलोनी निवासी युवक मोनू की हत्या के मामले में थाना शहर फतेहाबाद पुलिस ने एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस हत्याकांड की साजिश और वारदात में शामिल महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

पकड़ी गई महिला आरोपी की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी, फतेहाबाद निवासी हिना के रूप में हुई है। मंगलवार को थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रा ने बताया कि बीती 26 अप्रैल की रात को बालाजी कॉलोनी निवासी सचिन कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, उसका बड़ा भाई मोनु अपने घर के पास दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने मोनू की जांघ में छुरी मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

 पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक चार मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने अब पांचवीं आरोपी के रूप में हिना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच अभी भी जारी है, ताकि इस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।

Subscribe Now