मेदिनीपुर जिले में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बार तृणमूल कांग्रेस के नेता और मेदिनीपुर नगर पालिका के कंजरवेंसी सीआईसी तथा शहर के वार्ड नंबर 16 के तृणमूल पार्षद सुसमय मुखर्जी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तृणमूल पार्षद सुसमयमुखर्जी पर सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। इसके अलावा उन पर दूसरे के मकान पर कब्जा कर उसे गोदाम में बदलने और किराया मांगने पर धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। यही नहीं, उन पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसका एक हिस्सा बेच देने का भी गंभीर आरोप लगा है। लिखित शिकायत मिलने के बाद सोमवार रात को कोतवाली थाना पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की थी। इसके बाद मंगलवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
शालबनी जमीन घोटाले को लेकर पूरे मेदिनीपुर में पहले से ही राजनीतिक माहौल गरम है। इसी मामले में तृणमूल के पूर्व विधायक सुजय हाजरा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दो अलग-अलग मामलों में उन्हें पुलिस और न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
शालबनी जमीन मामले में तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय का नाम भी सामने आया है। हालांकि सुमित राय फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं और उनके वकील ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। इसी बीच सुसमय मुखर्जी की गिरफ्तारी ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सुसमय मुखर्जी को मेदिनीपुर सीजेएम अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उनकी हिरासत की मांग करते हुए अदालत में आवेदन करेगी।
मेदिनीपुर में तृणमूल पार्षद सुसमय मुखर्जी गिरफ्तार, जमीन कब्जाने और सरकारी जमीन बेचने का आरोप
Jun 16 2026 10:52AM
2 मिनट का रीड
599082
25





