BREAKING NEWS

मोहन नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग महिला समेत तीन झुलसे

मोहन नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग महिला समेत तीन झुलसे
सारण। नगर थाना क्षेत्र के मोहन नगर मोहल्ले में मंगलवार की मध्य रात्रि भीषण आग लगने से कोहराम मच गया। स्थानीय निवासी आनंद मिश्रा के मकान में लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस हादसे में परिवार के तीन सदस्य झुलस गए हैं, जिनमें एक महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, तभी संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण मकान के मुख्य दरवाजे और निचली मंजिल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर वालों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की भयावहता के कारण कई सदस्य अंदर ही फंस गए थे, जिन्होंने कड़ी मशक्कत और साहस का परिचय देते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। अग्निकांड की इस घटना में घर के अंदर खड़े वाहन पूरी तरह स्वाहा हो गए।

पीड़ित आनंद मिश्रा के अनुसार एक बैटरी चालित स्कूटी, दो मोटरसाइकिलें और साइकिलें जलकर लोहे का ढांचा मात्र रह गई हैं। इसके अलावा घर में रखा श्रृंगार कॉस्मेटिक्स का भारी स्टॉक, फर्नीचर, कीमती कपड़े और अन्य घरेलू सामान राख के ढेर में तब्दील हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार क्षति का आंकलन लाखों में किया जा रहा है। आग की लपटें देख पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पूर्व ही पड़ोसियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया लेकिन आग का रूप विकराल था सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक आनंद मिश्रा का पूरे घर के समान जल चुका था। झुलसी महिला को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Subscribe Now