सियालदह से 102 ग्राम हेरोइन बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
कोलकाता। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत सियालदह क्षेत्र से एक व्यक्ति को 102 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ की ओर से जारी बयान के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान नदिया जिले के तेहट्टा थाना क्षेत्र स्थित देबांतपुर गांव निवासी तरित मजूमदार (52) के रूप में हुई है। उसे एंटाली थाना क्षेत्र के सियालदह इलाके से गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया है कि तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपित को हिरासत में ले लिया गया।
इस संबंध में एसटीएफ थाना में मामला दर्ज किया गया है।
एसटीएफ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





