अमित शाह बोले- वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुलाया

अमित शाह बोले- वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुलाया
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण

चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से इस गीत को फिर से आयुष देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की निर्लज्जता देखिए, कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था। चालू गान में कांग्रेस की नेत्री सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने को कहा। हम सब टीवी पर देखते रहे। 80 साल के बाद बंकिम बाबू का यह गान फिर से सम्मान प्राप्त कर रहा है, वो भी सोनिया गांधी को रास नहीं आ रहा है।

अमित शाह रविवार को राजस्थान प्रवास के दौरान चित्ताैड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता सोनिया गांधी के इस कृत्य को देख रही है। वंदे मातरम का अपमान देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यदि जरा भी शर्म बाकी है तो उसे हाथ जोड़कर बंकिम बाबू की अमर आत्मा और देश की जनता से इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मेवाड़ की यह वीर भूमि देशभक्तों के लिए काशी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वीर भूमि के महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह की राष्ट्रभक्ति, धर्मभक्ति, स्वराज के प्रति लगन ने मुगलों के विजय रथ को रोक कर रख दिया था।

राजस्थान में जल संकट का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तीन समझौतों के माध्यम से आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जहां-जहां जनता का आशीर्वाद मिलता है, वहां पार्टी जनता की सेवा में जुट जाती है।राजस्थान में पहले 11 लाख घरों तक ही नल से पानी पहुंचा था। माताएं-बहनें सिर पर तीन-तीन मटकियां लेकर कोसों दूर से पानी लेकर आती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए जल जीवन मिशन से 8 साल में ही राजस्थान में 64 लाख घरों तक पानी पहुंचा है।

गृह मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का पूरा जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा। वे बाल्यकाल से ही राष्ट्रभक्ति के रास्ते पर चले। 40 साल तक विपक्ष में रहने और हर प्रतिकूल परिस्थिति के बावजूद राष्ट्रभक्ति का सिद्धांत ही उनके जीवन का आधार रहा। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास को लेकर कई बड़े फैसले किए। पूरे विश्व के दबाव के सामने ना झुकते हुए उन्होंने पोकरण में परमाणु परीक्षण किया। गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए काम हुआ और स्वर्ण चतुर्भुज योजना के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार किया गया। उन्होंने कहा कि अटलजी ने जनजातीय विकास मंत्रालय बनाने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया। इसी का परिणाम है कि आज आदिवासी परिवार की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी देश के महान नेता थे। उनके कुशल नेतृत्व में द्वितीय परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध की जीत ने भारत की छवि को दुनियाभर में मजबूत किया। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत को एक स्वाभिमानी और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाजपेयी जी के जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में घोषित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटाने और देश में नक्सलवाद की समस्या को खत्म करने में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही है। तीन नए आपराधिक कानून लागू कर उन्होंने देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार किया है। देश में पहली बार गठित सहकारिता मंत्रालय उनके नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में समृद्धि की प्रेरणादायक गाथा लिख रहा है।

इस दौरान केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में चित्तौड़गढ़ समेत 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही 1,500 गांवों को जल जीवन मिशन के तहत नल से जल सुविधा की सौगात दी। इससे पहले शाह ने सहकारिता विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

निंबाहेड़ा में जेके सर्किल पर मिनी अटल स्मारक में स्थापित वाजपेयी की प्रतिमा करीब चार हजार किलोग्राम अष्टधातु से बनी है। इसे आठ फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है। प्रतिमा जयपुर के कारीगरों ने तैयार की है। स्मारक में दो अन्य प्लेटफॉर्म भी बनाए गए हैं, जिनमें एक पर वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में हुए पोकरण परमाणु परीक्षण की झलक और दूसरे पर उनके विभिन्न मुद्राओं में भाषण देते हुए चित्रण किया गया है।

Subscribe Now